देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच सख्तियां एक बार फिर बढ़ा दी गई है। ऐसे में इंदौर में मास्क नहीं लगाने पर दो पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं मामले में आगे की जांच चल रही है।
दरअसल, मंगलवार को इंदौर में चेकिंग अभियान चल रहा था। इस दौरान एक 35 वर्षीय शख्स बिना मास्क पहने दिखाई दिया। पुलिस के दो जवानों ने उसे रोक लिया। अचानक जवान उस आदमी को पीटने लगे। इस पिटाई का वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद आला अधिकारियों ने आरोपी दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।

घटना पर पीड़ित शख्स ने बुधवार को कहा, “अस्पताल में पिता के लिए भोजन ले जाने के दौरान मेरा मास्क रास्ते में फिसल गया था, तो पुलिस ने मुझे थाने आने के लिए कहा, लेकिन मैंने अनुरोध किया कि मैं बाद में आ सकता हूं लेकिन उन्होंने मुझे मारना शुरू कर दिया।
पुलिस की छवि खराब करने के लिए क्रॉप किया गया Video
वहीं घटना पर इंदौर एसपी आशुतोष उन्होंने दावा किया कि वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति ने मास्क नहीं पहन रखा था और दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे रोका, तो उसने पुलिसकर्मियों से हुज्जत करते हुए उनका कॉलर पकड़ा व उनके साथ गाली-गलौच की और मारपीट की कोशिश की। लेकिन पुलिस की छवि खराब करने के लिए उस हिस्से को वीडियो में क्रॉप किया गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि उन पुलिसवालों ने जो किया वह भी गलत था, उन्हें निलंबित कर दिया गया है। आगे की पूछताछ चल रही है।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जिस व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों से कथित विवाद किया, उसकी पहचान कृष्णकांत कुंजीर (35) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक कुंजीर स्मैक का आदी है और उसके खिलाफ चाकूबाजी तथा जबरिया उगाही के मामले भी दर्ज हैं।


Download Android App
Download iOS App



