पश्चिम बंगाल में कोरोना का दूसरा मामला आया सामने, ब्रिटेन की यात्रा कर लौटा था संदिग्ध

Summary :

अधिकारी के अनुसार, मरीज के नमूने लिए गए और राष्ट्रीय हैजा एवं आंत रोग संस्थान से प्राप्त रिपोर्ट में उसके कोरोना वायरस के संपर्क में आने की पुष्टि हुई।

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस (कोविड-19) का शुक्रवार को नया मामला सामने आया है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 2 हो गई है। संदिग्ध व्यक्ति हाल ही में ब्रिटेन की यात्रा कोलकाता लौटा था। राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि यह व्यक्ति 13 मार्च को ब्रिटेन से लौटा और उसे कोविड-19 के लक्षणों के साथ 19 मार्च को शहर के बेलियाघाट आईडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 
अधिकारी के अनुसार, मरीज के नमूने लिए गए और राष्ट्रीय हैजा एवं आंत रोग संस्थान से प्राप्त रिपोर्ट में उसके कोरोना वायरस के संपर्क में आने की पुष्टि हुई। इस व्यक्ति की आयु 20 वर्ष के आसपास है और वह बालीगंज इलाके का रहने वाला है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पोस्टर जारी करते हुए लोगों से कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ने को कहा है।


बता दें कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 197 पहुंच गई है। जिसमें 32 विदेशी लोग शामिल हैं। वहीं दिल्ली, कर्नाटक, पंजाब, महाराष्ट्र और राजस्थान में अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। इन मृतकों में एक इटली का नागरिक शामिल है। वायरस के प्रकोप को देखते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक ‘‘जनता कर्फ्यू’’ का आह्वान किया है।

Desk Team