अशांत मणिपुर में हिंसा की एक ताजा घटना में शुक्रवार को मणिपुर के खोकेन गांव में संदिग्ध उग्रवादियों ने एक महिला सहित कम से कम तीन लोगों की हत्या कर दी। इसके अलावा हमले में दो अन्य घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्ध उग्रवादी और पीड़ित विभिन्न समुदायों के हैं।
पुलिस के अनुसार, कथित तौर पर खाकी ड्रेस पहने हुए उग्रवादी शुक्रवार सुबह सैन्य वाहन में गांव पहुंचे और ऑटोमेटिक राइफलों से ग्रामीणों पर फायरिंग की। स्वदेशी जनजातीय नेताओं के फोरम (आईटीएलएफ) ने हत्या के लिए मेइती समुदाय पर आरोप लगाते हुए कहा, यह हमला उग्रवादियों द्वारा दिखाई गई घोर उपेक्षा का एक और उदाहरण है और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की।
आईटीएलएफ ने एक बयान में कहा, इस घटना ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई शांति प्रक्रिया का भी उल्लंघन किया। हम अधिकारियों से उग्रवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने का आग्रह करते हैं। खोकेन गांव में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेना और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को तैनात किया गया है। इस बीच, दो अन्य जिलों से घरों को जलाने सहित हिंसा की घटनाओं की सूचना मिली है। लेकिन अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


Download Android App
Download iOS App



