मध्य प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस नीत सरकार के कार्यकाल का एक साल पूरा होने के अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 17 दिसंबर को प्रांतीय राजधानी भोपाल जाएंगे। मुख्यमंत्री के एक करीबी ने बताया कि मनमोहन सिंह 17 दिसंबर को भोपाल आएंगे। उस दिन वह कमलनाथ के साथ मीडिया से संयुक्त रूप से चर्चा कर भाजपा नीत केन्द्र सरकार के राज में देश की चिंताजनक आर्थिक स्थिति के बारे में बात करेंगे।
मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने बुधवार को बताया, “मनमोहन सिंह ने कमलनाथ का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।” उन्होंने कहा कि इस दौरान सिंह मध्य प्रदेश का ‘विजन डॉक्यूमेंट’ भी जारी करेंगे। कमलनाथ ने सिंह को उस वक्त भोपाल के दौरे पर बुलाया है, जब मध्य प्रदेश के मंत्रीगण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व वाली भाजपा नीत सरकार पर प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार करने आउैर प्रदेश को उसके हिस्से की उचित राशि एवं पर्याप्त यूरिया नहीं देने का आरोप लगा रहे हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस नई दिल्ली में 14 दिसंबर को देश में चल रही कथित आर्थिक मंदी एवं बेरोजगारी के मुद्दों पर विशाल विरोध प्रदर्शन करने वाली है। देश में आर्थिक सुधारों के लिए कदम उठाने वाले मनमोहन सिंह इस प्रदर्शन के ठीक तीन दिन बाद भोपाल में आ रहे हैं। कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘रबी मौसम के लिए यूरिया की मांग को देखते हुए हमने केन्द्र सरकार से 18 लाख मिट्रिक टन यूरिया की मांग की थी, परंतु केन्द्र सरकार द्वारा यूरिया के कोटे में कमी कर दी गई।’’


Download Android App
Download iOS App



