देहरादून : मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किमाड़ी रोड पर बने ज्योतिषाचार्य आशीष सेमवाल के 29 कॉटेज को सील कर दिया। इनका निर्माण करीब 15 बीघा भूमि पर किया गया था और लंबे समय बाद एमडीडीए ने बड़े स्तर पर इस तरह की कार्रवाई को अंजाम दिया।
इसके साथ ही ज्योतिषाचार्य सेमवाल का नाम 2010-11 में सीबीआइ जांच में सामने आने के बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। एमडीडीए से प्राप्त जानकारी के अनुसार च्योतिषाचार्य आशीष सेमवाल ने बीजापुर-किमाड़ी रोड पर भितरली क्षेत्र में पुनर्वायोग फाउंडेशन के बैनर तले करीब 15 बीघा भूमि पर विभिन्न तरह के कॉटेज आदि का निर्माण कर दिया था। इसकी स्वीकृति भी एमडीडीए से नहीं ली गई थी।
इस पर एमडीडीए ने बीते साल अवैध निर्माण का चालान काटा गया था। आशीष सेमवाल को अवैध निर्माण पर विराम लगाने के आदेश दिए गए थे, मगर इसके बाद भी निर्माण पर अंकुश नहीं लग पाया। बड़े स्तर पर अवैध निर्माण किए जाने और प्राधिकरण के आदेश का अनुपालन न होने पर एमडीडीए की टीम ने एक तीन मंजिला भवन समेत 15 बीघा भूमि पर बने तमाम तरह के कॉटेज, हवन कुंड आदि को सील कर दिया।
सीलिंग टीम में सहायक अभियंता मनोज कुमार जोशी समेत पुलिस बल शामिल रहा। उधर, एमडीडीए उपाध्यक्ष डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि अवैध निर्माण पर किसी भी दशा में ढील नहीं दी जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



