माण्डव (धार)। (मनीष शर्मा) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन अंतिम सत्र को पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने मीडिया प्रबंधन के बारे में चर्चा की। उन्होंने मीडिया प्रबंधन के तीन आयाम वैचारिक, व्यवहारिक और तकनीकी पक्ष सामने रखे। उन्होंने कहा कि हमारे पास केन्द्र और राज्य सरकार की अपार उपलब्धियां और विकास के काम हैं। हम तथ्यों और तर्कों को समाहित कर अपना पक्ष रखेंगे तो विरोधी भी निरुत्तर हो जाएंगे।

श्री पाराशर ने कहा कि हम देश विरोधी ताकतों से वैचारिक लड़ाई लड़ रहे हैं, इसके लिए हमें वैचारिक तौर पर भी मजबूत होना पड़ेगा। इसके लिए हमारे कार्यकर्ता अध्ययनशील बने। मीडिया विभाग में कार्य करने वाले कार्यकर्ता स्थानीय मुद्दों के साथ प्रादेशिक और राष्ट्रीय विषयों के बारे में अपडेट रहें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हम चुनावी रण में उतरने वाले हैं, इस दृष्टि से हमारी तैयारी भी अन्य दलों से बेहतर होनी चाहिए। वहीं, प्रदेश सह सोशल मीडिया प्रभारी श्री सुयश त्यागी ने सत्र को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया को समाज को जोड़ने का माध्यम बताया। उन्होंने सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सोशल एवं आईटी विभाग के प्रदेश प्रभारी एवं पार्टी के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने सोशल मीडिया की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।


Download Android App
Download iOS App



