राकांपा का मानना है कि बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मनसे प्रमुख राज ठाकरे के हमले से आगामी लोकसभा चुनावों में खासकर महाराष्ट्र के शहरी इलाकों में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को फायदा होगा। राज ठाकरे ने मंगलवार को अपनी अपील में कहा था कि लोकसभा चुनाव में मोदी और बाकी देश के बीच का मुकाबला है।
राज ठाकरे ने यहां बुधवार को राकांपा प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि 2014 के चुनाव में मनसे कोई भी सीट नहीं जीत पायी थी। उस साल विधानसभा चुनाव में पार्टी केवल एक सीट जीत पायी थी। महाराष्ट्र में अगले महीने चार चरण में मतदान होगा। धुले से बीजेपी के बागी विधायक अनिल गोटे ने बुधवार को पवार से मुलाकात की।
गोटे ने पवार से कहा कि उनका एकमात्र मकसद केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के स्थानीय सांसद सुभाष भामरे को हराना है। विधायक ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पवार से मदद नहीं मांगी बल्कि राकांपा प्रमुख को अपने रूख से वाकिफ करा दिया।
राज ठाकरे और पवार के बीच मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर राकांपा के एक नेता ने कहा, ‘‘यह मुलाकात हमारी पार्टी के लिए शुभ संकेत है। कई शहरी क्षेत्रों में मनसे का प्रभाव है। मनसे औपचारिक रूप से प्रस्तावित गठबंधन का हिस्सा नहीं है लेकिन ठाकरे के कल के रूख से हमें फायदा होगा।’’


Download Android App
Download iOS App



