मोदी उत्तराखंड को विकास परियोजना की देंगे सौगात

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आगामी उत्तराखंड के दौरे पर 3340 करोड़ की राज्य समेकित सहकारी विकास परियोजना का शुभारंभ करेंगे।

नैनीताल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आगामी उत्तराखंड के दौरे पर 3340 करोड़ की राज्य समेकित सहकारी विकास परियोजना का शुभारंभ करेंगे। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय की ओर से संचालित होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से प्रदेश के सर्वांगीण विकास का खाका तैयार किया गया है।

मोदी आगामी 14 फरवरी को रुद्रपुर के दौरे पर आ रहे हैं। वे परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस परियोजना का उद्देश्य पहाड़ से पलायन को रोकना, किसानों की आय बढ़ना एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन करना है। इसके अलावा इसके तहत प्रदेश में संचालित होने वाली दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के स्वरूप को भी वृहद किया गया है तथा इसे अधिक लोक कल्याणकारी बनाया गया है।

डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से कलस्टर आधारित कृषि के विकास के साथ-साथ सहवर्ती उत्पादों में वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण, भंडारण एवं विपणन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करके किसानों को अधिक से अधिक लाभ एवं उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाना है।

उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रमुख घटकों में बहुद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (एम-पैक्स) का सुदृढ़करण कर आधुनिकतम तकनीक के बल पर सहकारी सामूहिक खेती को बढ़वा देना है। सहकारी समितियों में कृषि औद्यानिकी, जड़-बूटी, सगंध पौध, होम स्टे एवं ई मंडी आदि के सम्यक विकास को शामिल किया गया है।

परियोजना में सहकारी डेरी फार्म की स्थापना एवं दुग्ध समितियों के सदस्यों को दुधारू पशुओं के लिये राज्य सहायता एवं ऋण की व्यवस्था की गयी है। समिति सदस्यों को प्रदेशभर में 20 हजार दुधारू पशु उपलब्ध कराये जायेंगे तथा 5266 पशुपालकों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

Desk Team