देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच अप्रैल को होने वाली चुनावी रैली के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस दौरान भवनों की छतों में शार्प शूटर भी तैनात रहेंगे। साथ ही स्कूलों की छुट्टी नियत समय से पहले कर दी जाएगी। प्रिंसिपल्स प्रोग्रेसिव स्कूल्स एसोसिएशन की बैठक में स्कूलों की छुट्टी जल्द करने का निर्णय लिया गया। स्कूलों का मानना है कि प्रधानमंत्री की रैली के कारण ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा व जाम की स्थिति भी बन सकती है।
ऐसे में बच्चों की सहूलियत के लिए छुट्टी जल्दी कर दी जाएगी। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष प्रेम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली के कारण परेड मैदान के आसपास जीरो जोन रहेगा। इसके अलावा जीटीसी हेलीपैड से लेकर परेड मैदान तक भी एक घंटे पहले जीरो जोन कर दिया जाएगा।
ऐसे में ट्रैफिक की समस्या रहेगी। ऐसे में छात्र-छात्राओं को घर जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए स्कूलों की छुट्टी 12 बजे करने का निर्णय लिया गया है। ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके। संगठन से जुड़े सभी स्कूलों को इसकी जानकारी भेज दी गई है। इस दौरान सचिव एके दास, उपाध्यक्ष डीएस मान आदि उपस्थित रहे।
परेड ग्राउंड में शुक्रवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर सशस्त्र बल और पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं जीटीसी से परेड ग्राउंड तक और परेड ग्राउंड के आसपास ऊंची बिल्डिंग पर शार्प शूटरों की तैनाती की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



