नई दिल्ली : डीटीएच सेवा प्रदाता कंपनी टाटा स्काई ने शुक्रवार को पलटी मारते हुए कहा कि नमो टीवी एक विशेष सेवा चैनल है जिसकी सामग्रियां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देती है। इससे पहले कंपनी ने ट्विटर पर कहा था कि नमो टीवी एक हिंदी समाचार चैनल है जो राष्ट्रीय राजनीति की ताजा खबरें प्रसारित करता है। हालांकि आम चुनाव के माहौल में नमो टीवी चैनल का प्रसारण आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने को लेकर विवाद बढ़ने पर कंपनी ने ट्वीट हटा दिया।
टाटा स्काई ने इसके बाद बयान जारी कर कहा, ‘‘नमो टीवी एक विशेष सेवा चैनल है जो सभी सब्सक्राइवरों के लिये उपलब्ध है। इस सेवा की सामग्रियां भाजपा मुहैया कराती है।’’ कंपनी ने पहले यह भी कहा था कि शुरुआत की पेशकश के तहत यह चैनल सभी सब्सक्राइवर के लिये उपलब्ध है।
उसने एक अन्य ट्वीट में कहा था, ‘‘किसी खास चैनल को हटाने का कोई विकल्प उपलब्ध नहीं है।’’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर चैनल के जरिये 31 मार्च को नमो टीवी को पेश किया था। इसके लोगो में मोदी की तस्वीर लगी हुई है और इसके जरिये मोदी के भाषणों एवं रैलियों का प्रसारण किया जाता है।


Download Android App
Download iOS App



