मनी लॉन्ड्रिंग केस में शिवसेना सांसद संजय राउत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश नहीं हुए। उन्होंने पेशी के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है। ईडी ने संजय राउत को मुंबई की एक ‘चॉल’ के पुनर्विकास और उनकी पत्नी तथा दोस्तों से जुड़े अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के कथित मामले की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए सोमवार को नोटिस जारी करते हुए मंगलवार को तलब किया था।
ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि राउत अलीबाग (रायगढ़ जिला) की अपनी पूर्व निर्धारित यात्रा के कारण मंगलवार को शहर में नहीं हैं और उनके वकील पेशी के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग को लेकर पूर्वान्ह करीब 11.15 बजे जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचे।
मुंबई में आवासीय इमारत का एक हिस्सा ढह जाने से 2 की मौत, 12 घायल, जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
अधिकारी के मुताबिक, वकील ने ईडी के अधिकारियों को एक पत्र सौंपा, जिसमें राउत को जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया गया है। राउत ने सोमवार को कहा था कि उनके राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ उनकी लड़ाई रोकने की ‘‘साजिश’’ के तहत उन्हें ईडी ने तलब किया है।
उन्होंने बताया था कि वह मंगलवार को एजेंसी के सामने पेश नहीं हो पाएंगे, क्योंकि उन्हें अलीबाग में एक बैठक में हिस्सा लेना है। गौरतलब है कि राउत को ऐसे समय में तलब किया गया है, जब शिवसेना के कुछ विधायकों की बगावत की वजह से महाराष्ट्र की महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



