उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेामवार को कहा कि उत्तराखंड के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़ी ज्यादातर समस्याओं का समाधान हो चुका है और शेष बचे एकाध विवादों को भी दोनों सरकारें जल्द ही निपटा लेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के मौके पर वहां पूजा में शामिल होने के बाद कहा, ‘‘दोनों राज्यों के बीच ज्यादातर समस्याओं का समाधान हो चुका है। अगर कोई एकाध समस्या शेष होगी, तो दोनों सरकारें मिल-बैठकर उसका समाधान निकाल लेंगी।’’
इस संबंध में योगी ने हरिद्वार स्थित अलकनंदा अतिथिगृह का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकारें इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में लड़ रही थीं। उन्होंने कहा कि अब दोनों सरकारों ने तय किया है कि इसे उत्तराखंड को दे दिया जाएगा।
योगी ने बताया कि अलकनंदा अतिथिगृह के नजदीक उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अतिथि गृह बनाया है, जिसका निर्माण दिसंबर तक पूरा हो जाएगा और हरिद्वार कुंभ से पहले ही उसे शुरू कर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश से पृथक कर उत्तराखंड का 20 वर्ष पहले 9 नवंबर, 2000 को निर्माण किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



