सबरीमाला में प्रवेश करने वाली महिला की सास ने की पिटाई

Summary :

कनकदुर्गा ने टीवी चैनलों को बताया, “मेरी सास ने लकड़ी के फट्टे से मुझे बुरी तरह पीटा।” हालांकि उनकी बूढी सास को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सबरीमाला मंदिर की परंपराओं को तोड़ वहां पूजा के लिए प्रवेश करने वाली एक महिला ने मंगलवार को अपनी सास पर मारपीट का आरोप लगाया। सबरीमाला मंदिर में भगवान अयप्पा के दर्शन के बाद 44 वर्षीय कनकदुर्गा सुरक्षा कारणों से पिछले दो हफ्ते से छिपी हुईं थी और मंगलवार सुबह ही पेरिनथलमन्ना स्थित अपने घर पहुंची।

पुलिस के अनुसार घर में घुसने के साथ ही कनकदुर्गा की अपनी ससुराल वालों से बहस हो गई जो मंदिर में उसके प्रवेश का जोरदार विरोध कर रहे थे। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उनकी सास ने लकड़ी के फट्टे से कथित तौर पर पिटाई की और उन्हें बाद में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

Sabarimala temple

उन्होंने बताया कि उन्हें सिर में चोट आई थी और मल्लपुरम जिले के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कनकदुर्गा ने टीवी चैनलों को बताया, “मेरी सास ने लकड़ी के फट्टे से मुझे बुरी तरह पीटा।” हालांकि उनकी बूढी सास को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया जिन्होंने बाद में आरोप लगाया कि कनकदुर्गा ने उनके साथ मार-पीट की। कनकदुर्गा के ससुराल वालों के साथ-साथ मायकेवाले भी मंदिर में प्रवेश के उनके फैसले का विरोध कर रहे हैं।

Desk Team