महाराष्ट्र के चंद्रपुर से कांग्रेस सांसद सुरेश धनोरकर ने क्षेत्र के वन अधिकारियों से उस बाघ को मार देने को कहा है जिसे पिछले साल जनवरी से अब तक आठ लोगों तथा करीब 25 मवेशियों की मौत का जिम्मेदार माना गया है।
राज्य से इकलौते लोकसभा सदस्य धनोरकर ने शनिवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मध्य चांदा वन्य संभाग के तहत राजुरा तहसील के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग बाघ से आतंकित हैं और उनकी खेती पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र के किसानों को बचाने के लिए बाघ को मार दिया जाना चाहिए। धनोरकर ने कहा कि उन्होंने बाघ को लेकर मुख्य वन संरक्षक एन आर प्रवीण से मुलाकात की है और राज्य के वन मंत्री संजय राठौड़ से भी फोन पर बात की है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बाघ को पकड़ने के लिए वन अधिकारी अरविंद मुंढे के नेतृत्व में विरुर, राजुरा और कोठारी रेंजों में कैमरा और अन्य उपकरणों से लैस 150 से अधिक कर्मियों के दल बनाए गए लेकिन उन्हें अभी तक इस काम में सफलता नहीं मिली है।


Download Android App
Download iOS App



