मध्यप्रदेश की मुरैना जिला पुलिस ने एक अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी सहित तीन लोगों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मुरैना पुलिस द्वारा आज जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के ग्राम आमहोद निवासी छोटेलाल निशाद का शव गत पांच मई को पुलिस ने नूराबाद थाना क्षेत्र के सुनरेखा नदी से बरामद किया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर इस अंधे कत्ल की जांच शुरू की। जांच में मृतक की पत्नी बिंदिया के मोबाइल डिटेल निकाली गई तो उसकी पांच मई को लोकेशन सुनरेखा नदी के समीप पाई गई ।
बिंदिया से जब पति की हत्या के बारे में कड़ी पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि उसने अपने कथित प्रेमी ऑटो रिक्शा चालक राजकुमार कुशवाह के साथ मिलकर छोटेलाल लाल निषाद को जहरीला पदार्थ खिलाया और जब वह अचेत हो गया तो उसे ग्राम आमहोद से ऑटो रिक्शा में मुरैना के नूराबाद थाना क्षेत्र में लाया और सुनरेखा नदी में फेंक दिया। घटना के समय उनके साथ दो अन्य सहयोगी सुल्तान कुशवाह और जंगबहादुर जाटव भी थे। पुलिस ने छोटेलाल की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी और प्रेमी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App



