अंधेरी (ईस्ट) स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल में सोमवार को भीषण आग लगने से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। 47 अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें अधिकतर मरीज और कर्मचारी थे। बीएमसी आपदा नियंत्रण ने यह जानकारी दी। आग शाम करीब सवा चार बजे लगी। आग लगने का कारण शॉट सर्किट हो सकता है।
यह आग एमआईडीसी इलाके स्थित पांच मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल पर लगी। यह इलाका उत्तरी-पश्चिमी उपनगर का औद्योगिक केंद्र है। आग पर काबू पाने के लिए कम से कम दमकल की 10 गाड़ियां, 15 वाटर टैंकर और अन्य विशेष उपकरण मौके पर पहुंचे और तीसरी व चौथी मंजिल पर फंसे लोगों को सीढ़ियों के सहारे बाहर निकाला गया।
सुरक्षित निकाले गए लोगों में से 10 को कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक को मृत लाया गया था। होली स्पिरिट अस्पताल और सेवन हिल्स अस्पताल में 15-15 लोगों को भर्ती कराया गया है, वहीं सात को इलाज के लिए ट्रॉमा अस्पताल में भेजा गया है। उपनगर में दूर से धुएं की मोटी परत दिखाई दे रही थी और बचाव अभियान के परिणामस्वरूप शाम को अंधेरी के व्यस्त इलाके में भारी जाम लग गया।


Download Android App
Download iOS App



