मुंबई ड्रग्स केस : मलिक ने फोड़ा एक और बम, शेयर किया केपी गोसावी और इनफॉर्मर का Whatsapp चैट

Summary :

नवाब मलिक ने ट्विटर पर व्हाट्सऐप चैट के कई स्क्रीनशॉट शेयर किए, जो केपी गोसावी और एक इनफॉर्मर का है, जिसमें काशिफ खान का जिक्र किया गया है।

मुंबई क्रूज ड्रग्स केस को लेकर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) पर हमलावर हैं। मंगलवार को फिर एक खुलासा करते हुए उन्होंने ट्विटर पर व्हाट्सऐप चैट के कई स्क्रीनशॉट शेयर किए है। चैट केपी गोसावी और एक इनफॉर्मर का है, जिसमें काशिफ खान का जिक्र किया गया है।  
 वानखेड़े जवाब दें कि काशिफ के साथ उनका क्या रिश्ता है?
ट्विटर पर स्क्रीनशॉट शेयर करने के बाद मलिक ने कहा कि क्रूज ड्रग्स मामले में के.पी. गोसावी और काशिफ खान मुख्य भूमिका में थे। काशिफ पोर्ट के जरिए क्रूज पर गया। काशिफ के साथ एक और दुबई का व्यक्ति था जिसका खुलासा हम अभी नहीं करेंगे। मैंने ट्विटर पर व्हाट्सएप चैट डाला है। वानखेड़े जवाब दें कि काशिफ के साथ उनका क्या रिश्ता है?
गोवा में बैठकर इंटरनेशनल ड्रग रैकेट चला रहा है काशिफ : मलिक 
मलिक ने आगे पूछा कि काशिफ की तस्वीरें होने के बावजूद उसे क्यों नहीं पकड़ा गया, जबकि वह कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित है और उसके खिलाफ कई मामले चल रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि काशिफ गोवा में बैठकर इंटरनेशनल ड्रग रैकेट चला रहा है। इसके बावजूद गोवा NCB उससे कोई पूछताछ नहीं कर रही है। NCB के बड़े अधिकारियों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह काशिफ खान को बुलाया और उससे पूछताछ करें।
एनसीपी नेता ने ट्विटर पर पूछा कि “यहां के पी गोसावी और एक मुखबिर के बीच एक व्हाट्सएप चैट है जिसमें काशिफ खान का उल्लेख है।” काशिफ खान से पूछताछ क्यों नहीं की जा रही है? काशिफ खान और समीर दाऊद वानखेड़े के बीच क्या संबंध है?


उन्होंने कहा कि “के पी गोसावी और एक मुखबिर के बीच व्हाट्सएप चैट है जो दिखाती हैं कि कैसे वे उन लोगों को फंसाने की योजना बना रहे थे जो कॉर्डेलिया क्रूज पर पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। यह समीर दाऊद वानखेड़े की निजी सेना है इसलिए उसके पास जवाब देने के लिए बहुत कुछ है।


एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, “के पी गोसावी और एक मुखबिर के बीच व्हाट्सएप चैट को फिर से पोस्ट करना उन लोगों के लिए जो उसी की प्रामाणिकता पर संदेह करते हैं। के पी गोसावी का नंबर यहां दिखाई दे रहा है और वेरिफिकेशन के लिए खुला है, वह फिलहाल पुणे पुलिस की हिरासत में है।

Desk Team