मुंबई : बांद्रा में इमारत की दीवार ढहकर मकान पर गिरी, एक व्यक्ति की मौत, चार घायल

Summary :

मुंबई के उपनगर बांद्रा में चार मंजिला इमारत की दीवार ढहकर उससे सटे दो मंजिला मकान पर गिरने की घटना में 28 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए।

मुंबई के उपनगर बांद्रा में चार मंजिला इमारत की दीवार ढहकर उससे सटे दो मंजिला मकान पर गिरने की घटना में 28 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। नगर निगम के एक अधिकारी ने इस बारे में बताया। अधिकारी ने बताया कि दमकल कर्मियों ने 11 लोगों को बचाया जबकि इलाके में रह रहे लोगों ने रात करीब डेढ़ बजे दीवार ढहने की घटना के तुरंत बाद छह लोगों की जान बचाई ।
उन्होंने बताया कि बचाए गए लोगों और घायलों को बांद्रा में भाभा अस्पताल और सांताक्रूज में वी एन देसाई अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि घायल सलमान खान (24), राहुल खोत (22), रोहन खोत (22) और लता खोत (48) की हालत स्थिर है। वहीं, रियाज अहमद (28) को अस्पताल लाने पर मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि यह इमारत बांद्रा (पूर्व) के खेरवड़ी रोड पर रज्जाक चॉल में स्थित है।
मुंबई में हादसे के वक्त बारिश भी तेज हो रही थी, जिसकी वजह से फायर ब्रिगेड के जवानों को मलवा हटाने में बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे इलाके के विधायक जिसान सिद्दीकी के मुताबिक, घायल लोगों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बारिश में हादसा और ना बढ़ सके इसके लिए इस इलाके के घरों की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। 

Desk Team