लोकसभा चुनाव में 33 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को टिकट : नवीन पटनायक

Summary :

बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने कहा कि यदि भारत को चीन और अमेरिका की तरह उन्नत होना है, तो इसका एकमात्र उपाय महिला सशक्तीकरण है।

बीजू जनता दल के प्रमुख और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आगामी लोकसभा चुनावों में राज्य में 33 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की रविवार को घोषणा करते हुए सभी राजनीतिक दलों से इसका पालन करने की अपील की है।

नवीन पटनायक ने मिशन शक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ”दिग्गज नेता बीजू बाबू की कर्मभूमि से यह ऐलान करना पसंद करूंगा कि ओडिशा आगामी लोकसभा चुनावों में संसद में 33 प्रतिशत महिलाओं को भेजेगा।” उन्होंने कहा कि केंद्रपाड़ बीजू बाबू की कर्म भूमि रही है तथा 1990 के दशक में उन्होंने देश में पहली बार पंचायती राज संस्थाओं तथा सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू कर पूरे राष्ट्र को सही रास्ता दिखाया था।

पटनायक ने कहा कि वर्ष 2012 में राज्य सरकार ने पंचायती राज संस्थानों में इसे 50 प्रतिशत तक बढ़ा दिया था और पिछले साल ओडिशा सरकार ने पहली बार संसद और विधान सभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का प्रस्ताव पारित किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सभी राज्यों और मुख्यमंत्रियों को इस संबंध में एक प्रस्ताव भेजा है।

Naveen Patnaik

आज शाम 5 बजे EC की प्रेस कॉन्फ्रेंस, हो सकता है लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान

बीजद प्रमुख ने कहा कि यदि भारत को चीन और अमेरिका की तरह उन्नत होना है, तो इसका एकमात्र उपाय महिला सशक्तीकरण है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की महिलाएं देश में महिला सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त करेंगी। मुख्यमंत्री ने सभी राष्ट्रीय दलों से आह्वान किया कि यदि वे अपने शब्दों पर खरे हैं, तो उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए जो भी प्रचार-प्रसार किया है, उसका पालन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ओडिशा में लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट की घोषणा भगवान बलदेवजी की पवित्र भूमि पर करने से भारत में महिला सशक्तीकरण की यात्रा का इतिहास तैयार होगा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने महिला सशक्तिकरण के प्रति अपने दृष्टिकोण में दोहरा मापदंड अपनाने के लिए पटनायक की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने संसद और राज्य विधानसभा दोनों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की वकालत की है, लेकिन 33 प्रतिशत उम्मीदवारों को केवल लोकसभा चुनाव में ही मैदान में उतारने की घोषणा की है। नवीन पटनायक की घोषणा के अनुसार बीजद अब राज्य में लोकसभा चुनावों में सात महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी क्योंकि राज्य में वर्तमान में 21 लोकसभा क्षेत्र हैं।

Desk Team