राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार को मंगलवार को उनके आवास पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने श्री पवार को दक्षिण मुंबई के सिल्वर ओक स्थित उनके घर पर एक फोन करके गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि फोन करने वाले की पहचान हो गई है और वह बिहार का रहने वाला है। इससे पहले भी इसी व्यक्ति ने श्री पवार को फोन करके धमकी दी थी।
मामला दर्ज करके जांच शुरू
पुलिस ने कहा कि व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी और बाद में उसे छोड़ दिया गया। राकांपा के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने इस घटना को लेकर कहा कि फोन करके धमकी देने वाला व्यक्ति‘मानसिक रूप से अस्वस्थ‘ लगता है जो नियमित अंतराल पर श्री पवार के आवास पर फोन करता रहता है और इस तरह की धमकी देता है। श्री तापसे ने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों में उसने कई बार फोन किया और इसी तरह की धमकी दी। पुलिस को सूचित कर दिया गया है।’ स्थानीय गामदेवी थाने में इस घटना के संबंध में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



