मुंबई की एक अदालत ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास एक एसयूवी गाड़ी में विस्फोटक मिलने तथा कारोबारी मनसुख हिरेन की मौत के मामले में निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाजे की एनआईए की हिरासत सात अप्रैल तक बढ़ा दी।
इस मामले में 13 मार्च को गिरफ्तार किये गये वाजे को रिमांड समाप्त होने के बाद यहां विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने छह और दिन के लिए वाजे की रिमांड की मांग की थी। एनआईए के वकील, अतिरिक्त सॉलीसीटर जनरल अनिल सिंह ने कहा कि एजेंसी ने सीसीटीवी फुटेज के डिजिटल वीडियो रिकॉर्डिंग (डीवीआर) और लैपटॉप जैसे साक्ष्य जब्त कर लिये हैं और इनकी पड़ताल की जरूरत है।
अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद वाजे की हिरासत सात अप्रैल तक बढ़ा दी। अंबानी के घर के नजदीक 25 फरवरी को एक स्कॉर्पियो कार में जिलेटिन की छड़ें मिली थीं। मनसुख हिरन ने तब दावा किया था कि यह कार एक सप्ताह पहले चोरी की गयी थी और उस समय उनके पास थी। बाद में हिरन पांच मार्च को ठाणे के एक क्रीक में मृत मिले थे।


Download Android App
Download iOS App



