मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स टीम से जुड़े स्टीव स्मिथ, बल्लेबाज सात दिन के लिए आइसोलेशन में रहेंगे

Summary :

दिल्ली कैपिटल्स के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी स्टीव स्मिथ शनिवार को मुंबई स्थित होटल पहुंचकर टीम से जुड़ गए।

दिल्ली कैपिटल्स के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी स्टीव स्मिथ शनिवार को मुंबई स्थित होटल पहुंचकर टीम से जुड़ गए। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एक सप्ताह के लिए आइसोलेशन में रहेंगे। दिल्ली कैपिटल फ्रेंचाइजी के एक बयान में कहा, दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ शनिवार को टीम होटल पहुंचे। स्मिथ एक सप्ताह के लिए  आइसोलेशन में रहेंगे।
फ्रेंचाइजी ने ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ के साथ स्मिथ की फोटो को सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, एक तस्वीर में दो शानदार चीजें,  दिल्ली कैपिटल्स परिवार में आपका स्वागत है स्टीव स्मिथ। 

स्मिथ जिन्होंने पिछले सत्र में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया और 25.91 की औसत से सिर्फ 311 रन बना सके थे, को जयपुर फ्रेंचाइजी ने रिलीज कर दिया था। हालांकि,उन्हें इस सीजन में 2.2 करोड़ रुपये की कीमत पर दिल्ली कैपिटल्स द्वारा चुना गया था। दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच मोहम्मद कैफ ने नीलामी के बाद कहा था कि वे भाग्यशाली हैं कि स्मिथ इतने सस्ते में टीम को मिल गए।
पिछले सीजन में उपविजेता रही दिल्ली कैपिटल्स टीम की कमान इस साल विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के हाथों में है। दिल्ली की टीम 10 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2021 के अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी।
 

Desk Team