मेघालय के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव के बाद हुई हिंसा के मद्देनजर प्रशासन ने शुक्रवार को तत्काल प्रभाव से कुछ स्थानों पर अनिश्चितकाल के लिए रात्रि कर्फ्यू लगा दिया।
ईस्टर्न वेस्ट खासी हिल्स के जिलाधिकारी (डीएम) डब्ल्यू नोंगसिएज ने एक आदेश जारी कर मवसावा, सांगशोंग गांव, उमविहसुप और मैरांग मिशन गांव में शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक रात का कर्फ्यू लगा दिया है।
उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार की रात अनियंत्रित भीड़ ने पांच सरकारी वाहनों व एक निजी वाहन को आग लगा दी और पथराव किया। भीड़ ने उपायुक्त के कार्यालय भवन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
नोंगसिएज ने कहा, “मुझे ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त हिंसा और आगजनी कुछ संगठित समूहों और संघों के सदस्यों द्वारा अपने उद्देश्यों की पूर्ति के लिए की गई थी।”
उन्होंने कहा कि यह भी आशंका है कि इस तरह के समूह अपने हित को आगे बढ़ाने के लिए “गैरकानूनी सभा और हिंसा के साथ-साथ आगजनी” जारी रख सकते हैं।
डीएम ने कहा कि इसलिए, “आम जनता की शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए” कर्फ्यू लागू किया जाता है।


Download Android App
Download iOS App



