गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने निपाह वायरस को लेकर केरल की यात्रा के बारे में लोगों की आशंकाओं को दूर करते हुए सोमवार को कहा कि वह खुद अगले कुछ दिनों में उस राज्य का दौरा करेंगे। राणे ने वायरस के खिलाफ तैयारियों की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता की।
राणे ने बैठक के बाद कहा, “चिंता नहीं करें, मैं अगले दो-तीन दिनों में केरल जा रहा हूं। मैं अपनी केरल यात्रा को लेकर चिंतित नहीं हूं। केरल सरकार वायरस को केवल दो-तीन क्षेत्रों तक ही सीमित करने में सफल रही है।” उन्होंने कहा, “केरल और गोवा ट्रेनों के जरिए जुड़े हुए हैं और वहां से बहुत सारे पर्यटक आते हैं। इसलिए हम सावधानी बरतना चाहते हैं।”
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने निपाह वायरस के प्रसार पर काबू पाने के लिए एक स्पष्ट प्रोटोकॉल दिया है और केरल तथा गोवा की सरकारों द्वारा इसका पालन किया जा रहा है। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने रविवार को कहा था कि केरल के एर्नाकुलम जिले से निपाह का एक मामला तीन जून को सामने आया था और संक्रमित कॉलेज छात्र की हालत में सुधार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि केरल में निपाह वायरस से संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।


Download Android App
Download iOS App



