अब 1905 पर होगा शिकायतों का समाधान

Summary :

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून में सी.एम. हेल्पलाईन 1905 का शुभारम्भ किया।

देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून में सी.एम. हेल्पलाईन 1905 का शुभारम्भ किया। इस हेल्पलाईन नम्बर से जन समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। शिकायतकर्ता 1905 पर कॉल कर, पोर्टल के माध्यम से अथवा मोबाईल एप द्वारा अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए यह कॉल सेंटर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक उपलब्ध रहेगा।

इस हेल्पलाइन नम्बर से राज्य सरकार के सभी विभागों से सम्पर्क किया जा सकता है तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जन समस्याओं के समुचित समाधान के लिए इसके तहत ब्लॉक स्तर से शासन स्तर तक के अधिकारी उत्तरदायी रहेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि सीएम हेल्प लाईन से जन समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। इससे विभागीय कार्यों में गति के साथ ही पारदर्शिता भी बढ़ेगी। जन समस्याओं का समाधान तेजी से होने के साथ ही शिकायतों व समस्याओं के समाधान के साथ ही उनका मूल्यांकन भी होगा।

हेल्पलाइन की सुविधा होने से लोगों के समय व धन दोनों की बचत भी होगी। आने वाले समय में इसके बहुआयामी परिणाम भी सामने आएंगे। वर्तमान में इस सेंटर में 10 लोग कार्य कर रहें हैं, भविष्य में आवश्यकतानुसार इसका विस्तार किया जायेगा। सीएम हेल्पलाईन की प्रतिमाह समीक्षा की जायेगी। इसकी समीक्षा मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव व अपर मुख्य सचिव भी करेंगे। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि समस्याओं के त्वरित निस्तारण व गुणवत्तापरक कार्यों के लिए सीएम हेल्पलाईन सक्षम माध्यम होगा।

इस हेल्पलाईन पर शिकायतकर्ता की शिकायत सीधे सम्बन्धित विभागीय अधिकारी को भेजी जायेगी। समय पर शिकायत का निस्तारण न होने पर प्राप्त शिकायत उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जायेगी। इससे विभागों में भी प्राप्त डाटा के आधार पर कमियों को दूर करने में मदद मिलेगी। इस व्यवस्था के तहत यदि किसी नागरिक का प्रशासन या विभाग स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा है तो सीएम हेल्पलाईन 1905 पर काॅल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। समाधान, मुख्यमंत्री कार्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय आदि स्तर पर की जाने वाली शिकायतों को भी इसमें समन्वित किया जाएगा। एक इंटीग्रेटेड सिस्टम होने से डुप्लीकेसी को भी रोका जा सकेगा।

– सुनील तलवाड़

Desk Team