देहरादून : सवर्णों को 10 फीसदी आरक्षण देने के केंद्र के प्रस्ताव की सीएम त्रिवेंद्र रावत तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। कल ही प्रधानमंत्री का धन्यवाद करने के बाद अब मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने पीएम मोदी को 21वीं सदी का भीम राव आंबेडकर बताया। दरअसल, आज खेल महाकुंभ 2018 के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने सवर्णों के आरक्षण पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान निर्माता बाबा आंबेडकर हैं। एक गरीब के बेटे ने पूरे देश के गरीबों के बारे में सोचते हुए अपर क्लास के लोगों को भी आरक्षण के दायरे में लाने के बारे में सोचा है, जिसकी जितनी भी तारीफ की जाए वो कम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने सवर्णों को सरकारी नौकरी में 10 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव को कैबिनेट में मंजूरी देकर देश में सामाजिक एवं आर्थिक संतुलन कायम करने की कोशिश की है।
सीएम ने सीधे-सीधे कहा कि 21वीं सदी में भी आंबेडकर ने नरेंद्र मोदी के रूप में जन्म लिया है। बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब सीएम त्रिवेंद्र रावत ने पीएम मोदी की तुलना देश की महान शख्सियत से की हो, इससे पहले भी वो कई बार पीएम मोदी की तुलना देश के अन्य महान विभूतियों से की है। वहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी कई बार सीएम त्रिवेंद्र रावत की तुलना पीएम मोदी से की है।


Download Android App
Download iOS App



