बीजद के वरिष्ठ नेता एवं ओडिशा विधानसभा चुनाव में राज्य की पटकुरा विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार बेद प्रकाश अग्रवाल का शनिवार को बीमारी के चलते निधन हो गया। यह जानकारी उनने पारिवारिक सूत्रों ने दी। वह 82 वर्ष के थे। सूत्रों ने बताया कि अग्रवाल कुछ समय से अस्वस्थ थे और उनका यहां एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनका सुबह निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अग्रवाल के निधन पर दुख व्यक्त किया। पटनायक ने कहा कि उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है। पटनायक ने शोक संतप्त परिवार को दिये अपने संदेश में कहा, ‘‘उनकी (अग्रवाल की) संगठनात्मक क्षमता और लोक कल्याण के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
वह बीजू बाबू (बीजू पटनायक) के नजदीकी सहयोगी थे।’’ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा ने ट्वीट किया, ‘‘ओडिशा के पूर्व वित्त मंत्री एवं मेरे केंद्रपाड़ा के पटकुरा के वर्तमान विधायक (फिर से बीजद के उम्मीदवार) बेद प्रकाश अग्रवालजी के निधन के बारे में जान कर दुख हुआ।’’ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी अग्रवाल के निधन पर दुख व्यक्त किया। पटकुरा में अग्रवाल के खिलाफ भाजपा उम्मीदवार बिजय महापात्रा ने भी वरिष्ठ नेता अग्रवाल के निधन पर दुख जताया।


Download Android App
Download iOS App



