24 अप्रैल को बद्रीनाथ रवाना होगा तेल कलश

Summary :

बद्रीनाथ की पूजा-अभिषेक के लिए गाडू घड़ा लेने डिम्मर, नाकोट, उमटा, जयकंडी, रविग्राम व पाखी गांव के पुजारियों का सदस्यीय दल 23 अप्रैल को नरेंद्रनगर पहुंचेगा।

चमोली : भगवान बद्रीनाथ की पूजा-अभिषेक के लिए गाडू घड़ा (तेल कलश) लेने डिम्मर, नाकोट, उमटा, जयकंडी, रविग्राम व पाखी गांव के पुजारियों का 20 सदस्यीय दल 23 अप्रैल को नरेंद्रनगर पहुंचेगा। बद्रीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष राकेश डिमरी की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बताया गया कि 24 अप्रैल को नरेंद्रनगर स्थित राजमहल में सनातनी परंपरा का निर्वाह करते हुए तिलों का तेल पिरोया जाएगा और फिर शुभ मुहूर्त में तेल कलश यात्रा बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना होगी। धाम के कपाट 10 मई को खोले जाने हैं। 24 अप्रैल की शाम तेल कलश यात्रा रात्रि विश्राम के लिए ऋषिकेश स्थित श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की चेला चैतराम धर्मशाला में पहुंचेगी।

25 अप्रैल को बालभोग व पूजा के बाद लक्ष्मण झूला, शिवपुरी, व्यासी, देवप्रयाग, बागवान व कीर्तिनगर होते हुए यात्रा श्रीनगर पहुंचेगी। रात्रि विश्राम यहां मंदिर समिति की धर्मशाला डालमिया में होगा। 26 अप्रैल को अभिषेक पूजन के बाद यात्रा रुद्रप्रयाग, रतूड़ा, गौचर व कर्णप्रयाग होते हुए डिमरी पुजारियों के गांव डिम्मर गांव पहुंचेगी।

Desk Team