केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 25 अगस्त को मध्यप्रदेश में 9,400 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बयान के अनुसार इन 35 परियोजनाओं में 1139 किलोमीटर राजमार्ग का निर्माण शामिल है।
बयान के अनुसार, ‘‘केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यम (एमएसएमई) मंत्री गडकरी 25 अगस्त, 2020 को मध्यप्रदेश में 35 राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।’’
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिये इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, नरेंद्र सिंह तोमर और राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते और वीके सिंह समेत अन्य उपस्थित रहेंगे।
बयान के अनुसार, ‘‘इन परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के तहत 1,139 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है। इस पर 9400 करोड़ रुपये से अधिक लागत अनुमानित है। मध्यप्रदेश में ये सड़क परियोजनाएं राज्य में बेहतर संपर्क, सुविधा और आर्थिक विकास को गति देंगी।


Download Android App
Download iOS App



