पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के मामले 31 साल से जेल की सजा काट चुके एजी पेरारिवलन को रिहाई मिल चुकी है। रिहाई के बाद एजी पेरारिवलन ने अपनी मां के साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन से मुलाकात की। इस मुलाकात पर शिवसेना नेता संजय राउत ने मुख्यमंत्री स्टालिन पर हमला बोला।
संजय राउत ने कहा, तमिलनाडु की राजनीति क्या है सबको मालूम है। राजीव गांधी इस देश के नेता थे जिन्होंने देश के लिए शहादत दी। तमिलनाडु में ही उनकी हत्या हुई थी। राज्य के मुख्यमंत्री अगर उनके हत्यारों को इस तरह से सम्मानित करते हैं तो मुझे लगता है कि ये हमारी संस्कृति और नैतिकता नहीं है।
राजीव गांधी हत्याकांड : एजी पेरारिवलन की रिहाई को लेकर तमिलनाडु कांग्रेस में मतभेद
दरअसल, 19 मई को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एजी पेरारिवलन को रिहा कर दिया गया। मुख्यमंत्री स्टालिन ने सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि जैसा कि द्रमुक ने वर्ष 2021 के राज्य विधानसभा चुनाव से पहले अपने चुनावी घोषणा पत्र में उल्लेख किया था कि हम सात दोषियों की रिहाई के लिए प्रयास करेंगे।
बता दें कि 21 मई 1991 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में हत्या हुई थी। 11 जून 1991 को पेरारिवलन गिरफ्तार हुए, उस पर बम धमाके में काम आई 8 वोल्ट की बैटरी खरीद कर हमले के मास्टरमाइंड शिवरासन को देने का दोष साबित हुआ था। घटना के समय 19 साल के रहे पेरारिवलन ने जेल में रहने के दौरान अपनी पढ़ाई जारी रखी। उसने अच्छे नंबरों से कई डिग्रियां हासिल की है।


Download Android App
Download iOS App



