देहरादून : नई दिल्ली में मसूरी विधायक गणेश जोशी ने तेल एवं प्राकृतिक गैस कारपोरेशन लिमिटेड की मानव संसाधन निदेशक डा. अल्का मित्तल से मुलाकात कर मसूरी की विभिन्न समस्याओं के निदान के लिए कारपोरेशन के सीएसआर मद से सहायता किये जाने का अनुरोध किया। विधायक गणेश जोशी ने बताया कि मसूरी में पर्यटकों की संख्या में प्रतिवर्ष बढ़ोत्तरी हो रही है। मसूरी के संयुक्त चिकित्सालय में ट्रामा सेंटर एवं डाईलिसेस केन्द्र की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को अत्यधिक दिक्कत होती है।
मसूरी शहर की अपनी आबादी के साथ यह अस्पताल चारधाम यात्रा के पड़ावों को भी आपस में जोड़ता है और उत्तरकाशी एवं टिहरी जनपद की जनता भी इस अस्पताल की सुविधाओं का लाभ प्राप्त करती है। उन्होंने निदेशक एचआर डा. अल्का मित्तल से अनुरोध किया कि मसूरी के संयुक्त चिकित्सालय में ट्रामा सेंटर एवं डाईलिसेस केन्द्र की सुविधा को विकसित करने के लिए ओएनजीसी के माध्यम से मदद करायी जाए।
विधायक जोशी ने ओएनजीसी निदेशक को यह भी अवगत कराया कि पूर्व में केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने मसूरी के एमपीजी महाविद्यालय में पुस्तकालय एवं भवन निर्माण के सम्बन्ध में घोषणा की थी और ओएनजीसी को यह कार्य करने के लिए निर्देशित किया था किन्तु इस दिशा में अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हो सकी। उन्होंने अनुरोध किया कि महाविद्यालय के लिए भी धनराशि जारी कर भवन निर्माण एवं पुस्तकालय का निर्माण कराया जाए।
ओएनजीसी की निदेशक डा. अल्का मित्तल ने विधायक जोशी को आश्वस्त किया है कि प्रपोजल प्राप्त होते ही ओएनजीसी धनराशि जारी करेगा और मसूरी में अस्पताल एवं महाविद्यालय की सुविधाओं को विकसित करने में पूर्ण सहयोग करेगा।
– सुनील तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



