असम में बाढ़ से हाहाकार! 5 लाख लोग प्रभावित, बचाव कार्य में जुटी सरकार

Summary :

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने कहा कि राज्य में बाढ़ से कुल 4,95,799 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, एक व्यक्ति की मौत हुई है।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने कहा कि राज्य में बाढ़ से कुल 4,95,799 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, एक व्यक्ति की मौत हुई है। एएसडीएमए ने कहा कि गुरुवार को बाढ़ प्रभावित तामुलपुर जिले में मौत की सूचना मिली थी। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में बजाली, बक्सा, बारपेटा, बिश्वनाथ, बोंगाईगांव, चिरांग, दरांग, धेमाजी, धुबरी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, होजाई, कामरूप, कोकराझार, लखीमपुर, माजुली, नागांव, नलबाड़ी और सोनितपुर शामिल हैं।
बाढ़ से बजाली में सबसे अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद दरंग में प्रभावित हुए हैं। दोनों जिलों में, 58 राजस्व क्षेत्रों में लगभग 1,350 गांव हैं, जो बाढ़ का सामना कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा 14,035 लोगों के रहने के लिए कम से कम 162 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। राज्य सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, लोगों को भोजन, दवा और अन्य जरूरी चीजें मुहैया कराई जा रही हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें असम के उन सभी इलाकों में हाई अलर्ट पर हैं, जहां बाढ़ का खतरा है।
किसानों के अनुसार, बाढ़ के कारण फसलों को काफी नुकसान होगा। इसके अलावा, विभिन्न जिलों से पुलों, स्कूलों और घरों सहित महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के कटाव और क्षति की सूचना मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और कई क्षेत्रों में भारी बारिश की भी भविष्यवाणी की है। ब्रह्मपुत्र, मानस और पुथिमारी नदियां खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं। इस बीच, बजाली, दरांग, जोरहाट, कामरूप (मेट्रो) और कोकराझार जिलों में अचानक बाढ़ आने की सूचना मिली है।

Desk Team