नवीन पटनायक को रविवार को ओडिशा में लगातार पांचवीं बार बीजू जनता दल के विधायक दल का नेता सर्व सम्मति से चुन लिया गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि यहां पार्टी मुख्यालय में 45 मिनट तक चली बैठक के दौरान नव निर्वाचित बीजद विधायकों ने पटनायक को नेता चुना। पटनायक ने नवनिर्वाचित विधायकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि नयी सरकार राज्य का त्वरित विकास सुनिश्चित करने के लिए कड़ा परिश्रम करेगी।
पटनायक ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘बीजद विधायक दल का नेता मुझे सर्वसम्मति से चुनने के लिए मैं विधायकों का आभारी हूं। राज्य के विकास के लिए हम कड़ी मेहनत करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि वह जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर नयी सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि पटनायक के विधायक दल का नेता चुने जाने के बारे में जल्द ही राज्यपाल गणेशी लाल को बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 29 मई को एक्जिबिशन ग्राउंड में होगा। ओडिशा में हाल में हुए विधानसभा चुनावों में बीजद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 146 सीटों में से 112 पर जीत दर्ज की। बीजद ने राज्य में लोकसभा की 21 सीटों में से 12 पर जीत दर्ज की।


Download Android App
Download iOS App



