ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को नीति आयोग के समक्ष विशेष राज्य के दर्जे का मुद्दा उठाया। चार दिन पहले भी पटनायक राज्य में प्राकृतिक आपदाओं की आशंकाओं को देखते हुए ओडिशा के लिए ‘विशेष महत्त्व वाले” राज्य के दर्जे की मांग की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नयी दिल्ली में नीति आयोग संचालन परिषद की पांचवी बैठक को संबोधित करते हुए पटनायक ने मांग की कि ओडिशा को विशेष राज्य का दर्जा दने के लिए प्राकृतिक आपदा को एक मापदंड के तौर पर शामिल किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “एक अंतरिम उपाय के तौर पर भीषण प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों को विशेष महत्त्व वाले राज्यों के तौर पर घोषित किया जाना चाहिए और कुछ खास अवधि के लिए विशेष दर्जे वाले राज्य के लाभ दिए जाने चाहिए।” पटनायक ने 11 जून को मोदी के साथ हुई मुलाकात के दौरान भी यही मांग दोहराई थी। पटनायक ने 14 जिलों को प्रभावित करने वाले फोनी तूफान का हवाला दिया जिसमें 64 लोगों की मौत हो गई और कुल 9,336.26 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



