मसूरी : कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए प्राण घातक हमले के विरोध में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भारी आक्रोश के बीच पाकिस्तान के पुतले दहन किए गये पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार नारेबाजी के साथ ही सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सबक सिखाने की मांग की गई।
कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में मारे गये शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए शहर में विभिन्न संस्थाओं ने पाकिस्तान के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। पिक्चर पैलेस चौक पर हिंदू जागरण मंच एवं भाजपा मसूरी मंडल ने जोरदार नारेबाजी के बीच पाकिस्तान व आतंकवाद का पुतला फूंका। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद बंद करो, पाकिस्तान को सबक सिखाओ आदि नारे लगाये गये।
इस मौके पर हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष कुलदीप जदवान ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को बदला लेना चाहिए अब सर्जिकल स्ट्राइक से काम नहीं चलेगा, भारतीय सेना को खुली छूट देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार सेना को हमला करने के निर्देश दे। उन्होंने कहा कि जो हथियार सेना के पास है उन्हें छब्बीस जनवरी को दिखाने के लिए न रखें उनका हकीकत में प्रयोग करने का समय आ गया है।
इस मौके पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि जवानों ने जो शहादत दी है उनके खिलाफ केंद्र सरकार कड़ा निर्णय लेगी व इनका बदला लिया जायेगा। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष मीरा सुयाल ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की। इस मौके पर भाजपा महामंत्री कुशाल राणा, धर्मपाल पंवार, गंभीर पंवार, त्रिलोक राणा, अनिल गोयल, अंकुश नौटियाल, रमेश जायसवाल, कपिल मलिक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



