मसूरीवासियों को नहीं काटने होंगे पालिका के चक्कर

Summary :

नगर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि शहर की नगर पालिका से संबंधित समस्याओं के लिए शीघ्र हैल्प लाइन नंबर जारी किया जायेगा।

मसूरी : नगर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि शहर की नगर पालिका से संबंधित समस्याओं के लिए शीघ्र हैल्प लाइन नंबर जारी किया जायेगा। ताकि संबंधित क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। नगर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि पालिका क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं जिसमे क्षेत्र की सफाई, बिजली, पानी, व पालिका के विभिन्न विभागों में काम के लिए नगर पालिका आकर परेशान होना पड़ता है। कई बार अधिकारी नहीं मिलते।

कई बार कर्मचारी अवकाश पर रहते हैं, जिसके कारण लोगों को पालिका आकर परेशानी उठानी पड़ती है । समस्याओं का समाधान न होने से लोगो में नाराजगी भी होती है। इस समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए पालिका शीघ्र ही हेल्प लाइन नंबर जारी करने जा रही है। जिसमें प्रातः आठ बजे से शाम छह बजे तक पालिका से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्याओं को रजिस्टर में दर्ज कराया जा सकता है।

इससे पालिका की गतिविधियों की जानकारी व समस्याओं की जानकारी भी रहेगी। वहीं उन्होंने कहा कि अगर समस्या का समाधान विभाग नहीं करता तो उस विभाग के अधिकारियों से जानकारी भी ली जायेगी। इससे अब जनता को छोटी बड़ी समस्याओं के लिए पालिका के चक्कर नहीं काटने पडेंगे। उन्होंने कहा कि इससे जनता को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पालिका से संबंधित किसी भी समस्या का समाधान चौबीस से अड़तालीस घंटों के बीच किया जायेगा।

Desk Team