US Midterm Election Results 2026: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव के नतीजों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है। अब तक के चुनावी रुझानों में डेमोक्रेट्स 51 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गई है। इससे सीनेट पर रिपब्लिकन पार्टी का कंट्रोल खत्म हो गया है।
इस चुनाव में डेमोक्रेट्स ने उन राज्यों में भी जीत दर्ज की है, जिन्हें लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। टेक्सास, साउथ कैरोलिना और नॉर्थ कैरोलिना में मिली जीत ने अमेरिकी राजनीति का पूरा समीकरण बदल दिया है। ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए जमकर प्रचार किया था। इसके बावजूद रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। अब सीनेट में बहुमत नहीं होने से ट्रंप के लिए अपने बचे हुए कार्यकाल में बड़े फैसले लागू करना आसान नहीं होगा।
मिडटर्म चुनाव में कैसे बदला सीनेट का गणित?
- अमेरिका में 3 नवंबर को मिडटर्म चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। इन चुनावों में सीनेट की 100 सीटों पर मुकाबला हुआ। चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी के पास 53 सीटें थीं, जबकि डेमोक्रेट्स के पास 47 सीटें थीं।
- लेकिन चुनावी नतीजों ने यह स्थिति बदल दी। डेमोक्रेटिक पार्टी ने कई रिपब्लिकन सीटों पर जीत दर्ज करते हुए बहुमत हासिल कर लिया। अब सीनेट में डेमोक्रेट्स का दबदबा रहेगा।
- सीनेट में बहुमत बदलने का असर राष्ट्रपति के कामकाज पर भी पड़ेगा। ट्रंप को अब कानून पास कराने और अपनी नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए डेमोक्रेट्स के साथ सहमति बनानी पड़ सकती है।
टेक्सास में 1988 के बाद डेमोक्रेट्स की ऐतिहासिक जीत
टेक्सास में डेमोक्रेट उम्मीदवार जेम्स टैलेरिको की जीत ने सबको चौंका दिया। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन को हराया। टेक्सास को लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां 1988 के बाद पहली बार किसी डेमोक्रेट उम्मीदवार ने सीनेट चुनाव जीता है। इस जीत से साफ है कि अब रिपब्लिकन पार्टी के समर्थक राज्यों में भी मतदाताओं का रुख बदल रहा है।
साउथ कैरोलिना में भी डेमोक्रेट उम्मीदवार एनी एंड्रयूज ने जीत हासिल की। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार डार्लिन ग्राहम को हराया, जिन्हें राष्ट्रपति ट्रंप का समर्थन मिला हुआ था। पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ एनी एंड्रयूज के पास पहले किसी निर्वाचित पद पर काम करने का अनुभव नहीं था। इसके बावजूद उन्होंने जीत दर्ज की। साउथ कैरोलिना में 1998 के बाद पहली बार किसी डेमोक्रेट उम्मीदवार ने सीनेट चुनाव जीता है। वहीं, नॉर्थ कैरोलिना में पूर्व गवर्नर रॉय कूपर ने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइकल व्हाटली को हराया। उनकी जीत से डेमोक्रेटिक पार्टी को सीनेट में बहुमत हासिल करने में मदद मिली।
जॉर्जिया और न्यू हैम्पशायर में भी डेमोक्रेट्स का दबदबा
- डेमोक्रेटिक पार्टी ने नई सीटें जीतने के साथ अपनी पुरानी सीटों को भी सुरक्षित रखा।
- जॉर्जिया में मौजूदा सीनेटर जॉन ओसॉफ ने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक कॉलिंस को हराया।
- खास बात यह है कि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में इस राज्य में ट्रंप को जीत मिली थी।
- न्यू हैम्पशायर में डेमोक्रेट उम्मीदवार क्रिस पप्पास ने पूर्व रिपब्लिकन सीनेटर जॉन सुनुनू को शिकस्त दी।
- इसके अलावा वर्जीनिया, डेलावेयर, न्यू जर्सी, रोड आइलैंड और मैसाचुसेट्स में भी डेमोक्रेट्स अपनी सीट बचाने में सफल रहे।
ट्रंप के लिए आगे की राह क्यों होगी मुश्किल?
सीनेट में बहुमत खोने के बाद ट्रंप के लिए अपने फैसलों को लागू करना मुश्किल हो सकता है। अब डेमोक्रेट्स सीनेट की समितियों का नेतृत्व करेंगे और ट्रंप सरकार के फैसलों की जांच भी कर सकेंगे।
चुनाव प्रचार में महंगाई और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दे छाए रहे। डेमोक्रेट्स ने रोजमर्रा की चीजों की बढ़ती कीमतों को लेकर लोगों के बीच अभियान चलाया।
यह भी पढ़ें: मध्यावधि चुनाव में भारतीय-अमेरिकियों ने महत्वपूर्ण जीत दर्ज की; एरिजोना में अमिश शाह आगे


Download Android App
Download iOS App




