US Midterm Election 2026: क्या होता है अमेरिका का मिडटर्म चुनाव? जानिए सीनेट, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और चुनाव के नतीजों का पूरा गणित

Summary :

अमेरिका में 2026 के मिडटर्म चुनाव क्या हैं और इनका महत्व क्या है? जानिए सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की भूमिका, कुल सीटों की संख्या, बहुमत का आंकड़ा, चुनाव प्रक्रिया और नतीजों का अमेरिकी राष्ट्रपति तथा सरकार की नीतियों पर क्या असर पड़ता है।

Explainer: इन दिनों अमेरिका में मिडटर्म चुनाव (Midterm Election) काफी चर्चा में है। 3 नवंबर 2026 को अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के लिए मतदान हुआ। इसके बाद 4 नवंबर को वोटों की गिनती हो रही है। अब इस चुनावी नतीजों पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। इस चुनाव में अमेरिकी संसद की सीटों के साथ-साथ कई राज्यों के गवर्नर पदों के लिए भी वोटिंग हुई हैं। शुरुआती परिणामों को देखे तो, डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट में बहुमत हासिल कर मौजूदा अमेरिकी सरकार की नींद उड़ा दी है, जबकि हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के नियंत्रण को लेकर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। चुनावी परिणाम आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

वहीं दूसरी तरफ आपके मन में यह सवाल जरूर आया होगा कि आखिर अमेरिका में मिडटर्म चुनाव होता क्या है? सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में क्या अंतर है? चुनाव के लिए कितनी सीटें हैं, और इन नतीजों का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर क्या असर पड़ सकता है? आइए, इन सभी सवालों के जवाब यहां जानते हैं।

क्या होता है अमेरिका में मिडटर्म चुनाव?

बता दें कि संयुक्त राज्य अमेरिका में, राष्ट्रपति का कार्यकाल चार साल का होता है। राष्ट्रपति के कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर, देश में एक और बड़ा चुनाव होता है। इसे “मिडटर्म चुनाव” (midterm election) कहा जाता है। इसे “मिडटर्म” चुनाव इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के ठीक बीच में होता है।

इसे आसान भाषा में ऐसे समझिए, साल 2024 में अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव हुआ था। इसके दो साल बाद, 2026 में, एक मिडटर्म चुनाव हुए हैं। इसके बाद, अगला राष्ट्रपति चुनाव 2028 में होगा। इस चुनाव में जनता राष्ट्रपति के लिए वोट नहीं देती है; बल्कि, वे अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों और राज्य स्तर के कई बड़े पदों के लिए अपना मताधिकार का प्रयोग करते हैं।

अमेरिका की संसद क्या है और इसके कितने सदन हैं?

मालूम ही कि भारत की तरह अमेरिका में भी कानून बनाने के लिए संसद है। अमेरिका की संसद को कांग्रेस (US Congress) बोला जाता है।

अमेरिकी संसद के दो सदन और उनके काम

सदन

हिंदी नाम

मुख्य काम

Senate

सीनेट

राष्ट्रपति की नियुक्तियों को मंजूरी देना, दूसरे देशों के साथ समझौतों को मंजूरी देना और कानून बनाने में मदद करना।

House of Representatives

प्रतिनिधि सभा

नए कानून बनाना, सरकारी खर्च से जुड़े प्रस्ताव लाना और राष्ट्रपति पर महाभियोग की प्रक्रिया शुरू करना।

सीनेट क्या होती है? इसमें कितनी सीटें हैं?

बताते चले कि सीनेट, अमेरिकी कांग्रेस का उच्च सदन है। इसमें कुल 100 सदस्य होते हैं। अमेरिका के सभी 50 राज्यों को सीनेट में अपने दो-दो प्रतिनिधि भेजने का अधिकार है। इसका मतलब यह है कि किसी राज्य की जनसंख्या चाहे कितनी भी हो, उसे सीनेट में सिर्फ दो सीटें ही दी जाती हैं। सीनेटर का कार्यकाल 6 साल का होता है। हालांकि, सभी 100 सीटों पर एक साथ चुनाव नहीं कराए जाते हैं। हर दो साल में लगभग एक-तिहाई सीटों पर चुनाव होते हैं। इस साल यानी, 2026 के मिडटर्म चुनाव में सीनेट की 100 सीटों में से 35 सीटों पर ही मतदान हुए हैं। सीनेट का काम कानून पर विचार करना और उसे मंजूरी देना, तथा राष्ट्रपति की तरफ से दी गई कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की पुष्टि करना शामिल है।

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स क्या है?

‘हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स’ अमेरिकी कांग्रेस का दूसरा सदन है; इसे ‘निचला सदन’ भी कहा जाता है। इसमें 435 निर्वाचित सीटें होती हैं। हर राज्य के लिए प्रतिनिधियों की संख्या उसकी जनसंख्या के आधार पर तय की जाती है—यानी जिन राज्यों की जनसंख्या अधिक होती है, उन्हें अधिक प्रतिनिधि मिलते हैं। इस सदन के सदस्यों का कार्यकाल दो साल का होता है। इसी वजह से, मिडटर्म इलेक्शन में सभी 435 सीटों के लिए चुनाव होते हैं। कानून बनाने के अलावा, ‘हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स’ सरकारी खर्च और बजट से जुड़े प्रस्तावों पर विचार करने के लिए भी ज़िम्मेदार होता है।

अमेरिका में बहुमत का क्या गणित है?

सदन

कुल सीटें

साधारण बहुमत का आंकड़ा

विशेष जानकारी

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा)

435

218

बहुमत वाली पार्टी का विधायी प्रक्रिया पर अधिक प्रभाव होता है।

सीनेट

100

51

बराबर 50-50 वोट होने पर उपराष्ट्रपति निर्णायक वोट दे सकते हैं।

4 नवंबर 2026 को चुनाव के ताजा नतीजे क्या हैं?

बता दें कि अमेरिका में मिडटर्म चुनावी काउंटिंग के बीच सबसे बड़ी खबर सीनेट से आई है। Associated Press की रिपोर्ट के अनुसार, डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट में बहुमत हासिल कर मौजूदा सरकार के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है। अमेरिका के कई महत्वपूर्ण राज्यों में डेमोक्रेटिक कैंडिडेट ने जीत हासिल की है। इनमें टेक्सास, कंसास, साउथ कैरोलाइना, नॉर्थ कैरोलाइना और ओहायो जैसे राज्य शामिल हैं। वहीं आयोवा में भी डेमोक्रेटिक पार्टी ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की चार में से तीन सीटें जीतकर रिपब्लिकन पार्टी को काफी परेशानी में डाल दिया है। हालांकि, 4 नवंबर तक हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में बहुमत को लेकर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है।

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।