पूरा देश इस समय कोरोना वायरस के गंभीर खतरे का सामना कर रहा है, ऐसे में कई राज्यों के पास लोगों को टीका लगाने के लिए वैक्सीन की पर्याप्त खुराक नहीं है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार दूसरे दिन सोमवार को कोविड-19 रोधी टीके कोवैक्सीन की खुराक नहीं उपलब्ध होने के कारण टीकाकरण केन्द्रों से लोगों को निराश लौटना पड़ा।
यह लोग टीके की दूसरी खुराक लेने के लिए टीकाकरण केन्द्रों पर आए थे। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने सोमवार को हालांकि टि्वटर पर उन 105 टीकाकरण केन्द्रों की सूची साझा की जहां टीके की खुराक उपलब्ध रहीं, लेकिन इन केन्द्रों पर केवल कोविशील्ड टीके की खुराक ही उपलब्ध थीं।
इससे पहले कोवैक्सीन टीके की खुराक नहीं उपलब्ध होने के कारण रविवार को भी टीकाकरण अभियान प्रभावित रहा था। कोवैक्सीन टीके की दूसरी खुराक लेने आए कई लोगों ने गुस्से और नाराज़गी का इजहार किया। कई लोगों ने कहा कि वह 42 दिन पहले टीके की पहली खुराक ले चुके हैं।
टीकाकरण को लेकर सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक कोवैक्सीन टीके की पहली और दूसरी खुराक के बीच में चार से छह सप्ताह का अंतराल होना चाहिए जबकि कोविशील्ड टीके की दोनों खुराकों में चार से आठ सप्ताह का अंतराल हो सकता है। बीएमसी की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में 1,76,505 लोगों ने कोवैक्सीन टीके की खुराक ली है जिनमें से 1,20,167 लोग टीके की पहली खुराक जबकि 56,338 लोग दोनों खुराक ले चुके हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में अब तक 27,00,431 लोग कोविड-19 का टीका लगवा चुके हैं जिनमें से 20,52,963 लोग टीके की पहली खुराक जबकि 6,47,468 लोग टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं। मौजूदा समय में मुंबई में कुल 175 टीकाकरण केन्द्र हैं जिनमें से 81 का संचालन बीएमसी की ओर से किया जाता है जबकि 20 राज्य सरकार और 74 निजी टीकाकरण केन्द्र हैं।


Download Android App
Download iOS App



