पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दूसरे सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में सामने आई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को शुभेंदु अधिकारी को नेता प्रतिपक्ष चुना। वहीं शुभेंदु ने सोमवार को कहा कि पार्टी और पार्टी विधायक दल ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है उसे निभाने की मैं पूरी कोशिश करूंगा। पश्चिम बंगाल में जो वारदात चल रही है, भ्रष्टाचार, आगजनी और हत्याओं की उनके खिलाफ आवाज बुलंद करूंगा।
केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पार्टी विधायकों के साथ बैठक करने के बाद शुभेंदु अधिकारी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम सीट से विधायक चुने गये शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता होंगे क्योंकि पार्टी विधायकों ने उन्हें अपना नेता चुना है। प्रसाद ने कहा कि पार्टी विधायक मुकुल रॉय ने विपक्ष के नेता के रूप में अधिकारी के नाम पर प्रस्ताव रखा और पार्टी के 22 विधायकों ने प्रस्ताव का समर्थन किया।
उन्होंने पार्टी विधायकों से यह भी पूछा कि क्या उनके पास इस पद के लिए कोई दूसरा नाम है, लेकिन किसी ने भी दूसरे का नाम नहीं सुझाया। अधिकारी ने एक कड़े मुकाबले में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम विधानसभा सीट से 1900 मतों के अंतर से हराया है।
ममता सरकार में मंत्री रह चुके अधिकारी चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे। नंदीग्राम में कांटे की टक्कर के बाद अब विधानसभा में ममता और अधिकारी दोबारा आमने सामने होंगे। गौरतलब है कि 294 सदस्यों वाली विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस 213 सीटों पर जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है जबकि भाजपा ने 77 सीटों पर कब्जा कर दूसरे सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में अपनी जगह बनाई है।


Download Android App
Download iOS App



