प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बांकुरा में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश की सत्ता में काबिज मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने राज्य के लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपको डबल इंजन की सरकार के रास्ते पर आने वाली हर रुकावट को दूर करते चलना है। उन्होंने यह भी कहा, ”भाजपा- स्कीम पर चलती है। टीएमसी स्कैम पर चलती है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे याद है, जब मैं लोकसभा चुनाव के समय आपका आशीर्वाद मांगने आया था, तो यहां दीदी ने क्या क्या किया था। रैली ग्राउंड तक आने वाले सारे रास्ते बंद करवा दिए थे, टेंट हाउस से कुर्सियां तक न मिलें इसके लिए पुलिस को लगाया था। बांकुरा की ये तस्वीर साक्षी है कि बंगाल के लोगों ने ठान लिया है- 2 मई, दीदी गई। आशोल पॉरिबोर्तोन- बंगाल के गौरव को बढ़ाने के लिए। आशोल पॉरिबोर्तोन- बंगाल में एक ऐसी सरकार लाने के लिए जो गरीबों की सेवा करे, उनकी तकलीफें दूर करें।
आशोल परिवर्तन बंगाल में एक ऐसी सरकार लाने के लिए जो सरकारी योजनाओं का पैसा गरीब तक पहुंचाए। आशोल परिवर्तन- बंगाल में एक ऐसी सरकार लाने के लिए जो तोलाबाजों, सिंडिकेट को जेल भेजे, भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई करे। आशोल परिवर्तन बंगाल में BJP लाकर दिखाएगी।
उन्होंने कहा, “आज जब मैं बांकुड़ा आया हूं, तो यहां रामपाड़ा के बहनों और भाइयों को भी विशेष तौर पर राम राम कहूंगा। रामपाड़ा की चर्चा आजकल पूरे देश में है। रामपाड़ा में आप राम पुकारेंगे तो हर घर से राम निकलेगा।” बंगाल में दीदी के लोग दीवार पर तस्वीरें बना रहे हैं। तस्वीरों में दीदी मेरे सिर पर अपना पैर मार रही हैं। मेरे सिर के साथ फुटबॉल खेल रही हैं। आप बंगाल के संस्कार और यहां की महान परंपरा का अपमान क्यों कर रही हो दीदी? ये बंगाल तो देश को दिशा देने वाला है।
उन्होंने आगे कहा कि दी अगर आप चाहती हैं तो आप अपना पैर मेरे सर पर रख सकती हैं, मुझे लात मार सकती हैं। लेकिन दीदी मेरी दूसरी बात भी कान खोलकर सुन लीजिए। मैं आपको अब बंगाल के विकास को लात नहीं मारने दूंगा। मैं आपको बंगाल के सपनों को लात नहीं मारने दूंगा। तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति ने आपको क्या बना दिया है। आपने अपना ये असली चेहरा 10 साल पहले दिखा दिया होता तो बंगाल में कभी आपकी सरकार नहीं बनती। ये हिंसा, ये अत्याचार, ये उत्पीड़न ही करना था तो फिर मां-माटी-मानुष की बात क्यों की आपने। मैं जितना दीदी से आपके सवाल पूछता हूं, उतना वो मुझ पर गुस्सा करती हैं। अब तो कह रही हैं कि उनको मेरा चेहरा भी पसंद नहीं है। अरे दीदी, लोकतंत्र में चेहरा नहीं, जनता की सेवा, जनता के लिए किया गया काम कसौटी पर होता है।
दीदी और उनकी सरकार ने 10 साल के दौरान पश्चिम बंगाल में क्या खेला किया, ये पूरा क्षेत्र इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। स्वर्गीय अजीत मूर्मू जैसे हमारे अनेक आदिवासी साथी तृणमूल के खैला के कारण शहीद हो गए। केंद्र सरकार हर घर पाइप से जल पहुंचाने के लिए अभियान चला रही है। हमने सैकड़ों करोड़ रुपए बंगाल सरकार को दिया है। लेकिन यहां की बहनें-बेटियां, बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। नल कहां है दीदी, जल कहां है दीदी? यहां खेतों में पानी क्यों नहीं है दीदी? बंगाल में आपको भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्थाएं मिलें, इसके लिए बीजेपी सरकार जरूरी है। बंगाल में विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए बीजेपी सरकार जरूरी है। आपके कॉलेज, यूनिवर्सिटिज की आधुनिकता बढ़े, इसके लिए बीजेपी सरकार जरूरी है।


Download Android App
Download iOS App



