कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीतला ने रविवार को आरोप लगाया कि केरल में मीडिया राज्य सरकार से मिलने वाले करोड़ों रुपए के विज्ञापनों के कारण माकपा का ‘‘मुखपत्र’’ बनता जा रहा है और सत्तारूढ़ वाम मोर्चा के भ्रष्टाचार संबंधी घोटालों को ‘छुपा रहा’’ है।
चेन्नीतला ने पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली सरकार के दोबारा सत्ता में आने का अनुमान जताने वाले सर्वेक्षणों को लेकर मीडिया संस्थानों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘इस बार, सर्वेक्षणों के जरिए एक सुनियोजित कदम उठाकर विजयन सरकार पर निशाना साधने वाले विपक्ष के नेता पर हमला किया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘(विजयन सरकार पर) सभी आरोप सबूतों के साथ लगाए गए थे और सभी सही साबित हुए थे। मीडिया सत्तारूढ़ मोर्चे का समर्थन कर रहा है। उसे विपक्ष को कम से कम एक प्रतिशत सहयोग तो देना चाहिए।’’ चेन्नीतला ने कहा, ‘‘मीडिया ने विपक्ष के लिए गुंजाइश देने से इनकार करके पत्रकारिता के मूल्यों को भुला दिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कुछ प्रस्तोता पहले ही विजयन को बधाई दे रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि उनकी सरकार दोबारा बनेगी।
चेन्नीतला ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार में डूबी सरकार के कामों को छुपाने के लिए 200 करोड़ रुपए के विज्ञापन दिए हैं।’’ कांग्रेस ने ट्वीट किया कि एलडीएफ का क्षेत्रीय समाचार पत्रों में विज्ञापनों के लिए फालतू खर्च करना ‘निंदनीय’ है। पार्टी ने ट्वीट किया, ‘‘धन का स्रोत और उसे खर्च करने का तरीका केरल के लोगों के लिए चिंता की बात है।’’’ राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ होता है, लेकिन ‘‘केरल का मीडिया माकपा का मुखपत्र बनकर अपने कर्तव्य से विमुख हो रहा है।’’


Download Android App
Download iOS App



