प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केवडिया में एकता क्रूज सेवा का उद्घाटन किया। उन्होंने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के साथ इसकी सवारी की और ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ तक का सफर तय कर खूबसूरत नजारे का अवलोकन किया।
एकता क्रूज सेवा के माध्यम से पर्यटक फेरी बोट सर्विस के जरिए नर्मदा नदी में श्रेष्ठ भारत भवन से लेकर ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ की छह किलोमीटर की दूरी तय कर सकते हैं। साथ ही वे ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के खूबसूरत नजारे का भी लुत्फ उठा सकेंगे।
इस यात्रा को 40 मिनट में तय किया जा सकेगा, जिसमें एक नाव पर अधिकतम 200 यात्री सफर कर सकेंगे। फेरी सेवाओं के लिए नया गोरा पुल खास तौर से बनाया गया है। नाव सेवा को शुरू करने का उद्देश्य ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ आने वाले पर्यटकों को बोटिंग सेवाओं का अनुभव देना है।
प्रधानमंत्री ने इससे पहले यहां सरदार पटेल प्राणी उद्यान में ‘जंगल सफारी’, ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के निकट नवनिर्मित आरोग्य वन, एकता मॉल और बच्चों के लिए पोषक पार्क का उद्घाटन किया।
दो दिवसीय दौरे पर आज गुजरात पहुंचे प्रधानमंत्री ने गांधीनगर में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल और गुजराती सिनेमा के सुपरस्टार नरेश कनोडिया व उनके संगीतकार भाई महेश कनोडिया को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।


Download Android App
Download iOS App



