महाराष्ट्र में बीड जिले में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद तथा उसके पूर्व विधायक भाई अशरफ अहमद को बैनर लगाकर ‘शहीद’ बताने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि यह घटना मंगलवार को जिले के माजलगांव में हुई, जिसके बाद कई स्थानीय लोग बैनर के पास जमा हो गए। अधिकारियों ने तुरंत इस बैनर को हटाया।
पुलिस ने कहा कि अतीक और उसके भाई को बैनर लगाकर शहीद के रूप में चित्रित करने की कोशिश की गई थी। इसमें एक अखबार की कटिंग भी थी जिसमें पिछले हफ्ते दोनों भाइयों की हत्या के लिए एक समुदाय विशेष को अपशब्द कहे गए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा उस अखबार के संपादक और रिपोर्टर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनकी खबर बैनर पर इस्तेमाल की गई थी। अतीक (60) और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल की रात को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में तीन हमलावरों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब पुलिस दोनों को चिकित्सा जांच के लिए मेडिकल कॉलेज ले जा रही थी।


Download Android App
Download iOS App



