देहरादून : पुलिस लाइन देहरादून स्थित सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अरुण मोहन जोशी की अध्यक्षता में मासिक अपराध बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अरुण मोहन जोशी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अरुण मोहन जोशी ने उन्हें ड्यूटी के दौरान अपना व्यवहार शालीन रखने तथा विधि के अनुसार ही कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसएसपी ने निर्देशित किया कि जनता के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, ऐसे कर्मियों के विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
ड्यूटी के दौरान सभी कर्मी अपना आचरण निष्पक्ष रखें तथा उच्चाधिकारियों द्वारा दिये गये आदेशों का शत्-प्रतिशत अनुपालन करना सुनिश्चित करेंगे। यदि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी पुलिस क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वह समय-समय पर अपने-अपने सर्किल, थानों पर कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याआ के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त कर उनका समाधान करना सुनिश्चित करेंगे।
वर्तमान में चल रहे त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भीड़-भाड़ वाले स्थानों व मुख्य बाज़ारो में कानून एंव सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत समुचित संख्या में पुलिस बल नियुक्त करने तथा असामाजिक व अवांछनीय तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिये गये। मासिक अपराध बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, संयुक्त निदेशक विधि, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।


Download Android App
Download iOS App



