राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को पुणे में वायु सेना अड्डे का दौरा किया, जहां उन्होंने बड़ी संख्या में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टर वाली उड़ान प्रदर्शन का जायजा लिया। इस दौरान राष्ट्रपति ने सैनिकों से बातचीत करने के साथ ही सुखोई लड़ाकू विमान के पूर्ण मिशन ‘सिम्युलेटर’ का अनुभव किया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि रक्षा बलों के सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति ने एसयू-30 एमकेआई के पूर्ण मिशन ‘सिम्युलेटर’ में ‘उड़ान’ का अनुभव किया और उन्हें इस लड़ाकू विमान की विशेष क्षमताओं से अवगत कराया गया। कोविंद सोमवार से महाराष्ट्र के चार दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने सोमवार को मुंबई के पास रोप-वे के जरिए ऐतिहासिक रायगढ़ किले की यात्रा कर अपने दौरे की शुरुआत की थी।
कोविंद के कार्यालय ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पुणे में वायु सेना अड्डे का दौरा किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने एक शानदार उड़ान प्रदर्शन का जायजा लिया और सैनिकों से बातचीत की। राष्ट्रपति ने लड़ाकू विमान एसयू-30 एमकेआई के पूर्ण मिशन ‘सिम्युलेटर’ का भी अनुभव किया।
मणिपुर: ‘नार्को-आतंकवाद’ के खिलाफ बड़ी कामयाबी, असम राइफल्स और पुलिस ने 500 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि पुणे पहुंचने पर दक्षिण-पश्चिमी वायुसेना कमान के ‘एयर ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ’ एयर मार्शल विक्रम सिंह और दक्षिण-पश्चिमी वायुसेना कमान की ‘एयर फोर्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन’ की प्रांतीय अध्यक्ष डॉ अराथी सिंह ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अगवानी की। विज्ञप्ति के मुताबिक, इसके बाद कोविंद ने एक बेड़े की समीक्षा की, जिसमें एसयू-30 एमकेआई विमान और स्वदेश निर्मित आकाश मिसाइल प्रणाली की समीक्षा शामिल रही।
इसके मुताबिक, ” माननीय राष्ट्रपति ने एक उड़ान प्रदर्शन का जायजा लिया, जिसमें बड़ी संख्या में लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर शामिल रहे। उड़ान प्रदर्शन के दौरान जगुआर विमान के बेड़े ने हवा में शानदार प्रदर्शन किया, जिसने पुणे के आसमान को ’75’ दर्शाने वाले रंगों से रंग दिया जोकि भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष को दर्शाता है।”


Download Android App
Download iOS App



