राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को अपनी मुंबई यात्रा के दौरान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात नहीं की, जबकि ठाकरे ने उन्हें समर्थन देने की घोषणा की है।
शिवसेना सांसद विनायक राउत ने कहा कि मुर्मू और ठाकरे के बीच किसी बैठक का कार्यक्रम नहीं था।
ठाकरे ने 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में राजग की उम्मीदवार का समर्थन करने की दो दिन पहले घोषणा की थी। उन्होंने महा विकास आघाड़ी के अन्य घटक दलों-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस- के रुख से अलग हटते हुए यह निर्णय लिया था।
शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि राजग उम्मीदवार को अपने समर्थन के बदले उनकी पार्टी को मुर्मू के मातोश्री (ठाकरे परिवार के उपनगर बांद्रा स्थित आवास) की यात्रा करने की उम्मीद नहीं लगाई थी।
शिवसेना ने उनका समर्थन करने का फैसला किया क्योंकि आदिवासी समुदाय से आने वाले पार्टी के विधायक मुर्मू का समर्थन करने के पक्ष में थे।
हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों को लगता है कि ऐसा कर ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत बागी विधायकों और यहां तक कि अपने पूर्व सहयोगी भाजपा के साथ सुलह के लिए द्वार खुले रखे हैं।


Download Android App
Download iOS App



