प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात से प्रभावित ओडिशा के लिए 500 करोड़ रुपये की अग्रिम आर्थिक सहायता की शुक्रवार को घोषणा की। मोदी ने चक्रवात ‘अम्फान’ से प्रभावित इलाकों के हवाई सर्वेक्षण और ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ समीक्षा बैठक के बाद यह घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद दीर्घकालिक पुनर्वास उपायों के लिए आगे की सहायता दी जाएगी। इन नेताओं ने करीब डेढ़ घंटे तक जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, जाजपुर और मयूरभंज जिलों का हवाई मुआयना किया।
यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा परिसर में हुई समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रताप सारंगी भी उपस्थित थे। मोदी ने कहा कि ओडिशा सरकार ने अग्रिम तैयारी कर जिंदगियां बचाईं। इस चक्रवात ने पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ते हुए कृषि क्षेत्र के अलावा घरों, बिजली एवं अवसंचरना को नुकसान पहुंचाया है।
जिंदगियां बचाने के लिए ओडिशा के लोगों, प्रशासन और मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह आपदा राज्य के समक्ष गंभीर चुनौती लेकर आई है क्योंकि यह ऐसे समय में आई है जब हर कोई कोविड-19 के खिलाफ भयानक जंग में उलझा हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



