सोशल मीडिया पर वाजपेयी के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर प्रोफेसर की पिटाई

Summary :

हमलावरों का कहना है कि वाजपेयी के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रोफेसर के द्वारा अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए लिखे पोस्ट से उन्हें आघात पहुंचा है।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट से नाराज़ कुछ लोगों ने बिहार में मोतिहारी के प्रोफेसर संजय कुमार की पिटाई कर दी है। पिटाई का वीडियो भी वायरल हो गया है। घटना शुक्रवार दोपहर मोतिहारी नगर के आजादनगर मोहल्ला में हुई। करीब 3 बजे हुई महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी के सोशल साइंस के असिस्टेंट प्रोफेसर संजय कुमार के घर पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। हमले में प्रोफेसर को चोटें पहुंची हैं। जख्मी हालत में उनको सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोप के मुताबिक, प्रोफेसर संजय ने अटल के लिए ‘संघी’ और ‘फासीवादी’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट लिखी थी और पाश की कविता का उल्लेख करते हुए कहा था कि अगर उनके निधन पर पूरा देश शोक में है तो उस देश में से उनका नाम काट दिया जाए। हमलावरों का कहना है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रोफेसर के द्वारा अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए लिखे पोस्ट से उन्हें आघात पहुंचा है। पीड़ित प्रोफेसर संजय कुमार का कहना है कि फेसबुक पर उन्होंने ऐसी किसी आपत्तजिनक शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया है।

हमलावर यूनिवर्सिटी को कुलपति के गुर्गे है। मुझे पूर्व के आन्दोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के चलते धमकियां मिलती रही हैं और आज सोशल मीडिया के जरिये कमेंट को बहाना बनाकर ये हमला किया गया है। जख्मी संजय के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है, लेकिन पुलिस इस मामले में मुंह खोलने से कतरा रही है। वही संजय कुमार ने अपने ऊपर हुए हमले का आरोप कुलपति अरविंद अग्रवाल पर लगाया। हमले के बाद संजय उनसे मिलने कई राजद नेता पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर बिहार के सहायक प्रोफेसर पर हमले को लेकर बिहार में राजनीति गर्मा गई है।

शनिवार को राजद नेता तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव ने एक साथ सरकार पर निशाना साधा है। दोनों ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया। तेजस्वी ने पूछा कि नीतीश जी आप सीएम हाउस में आरएएसएस की शाखा खोलकर सरसंघचालक क्यों नहीं बन जाते। तेजप्रताप ने ट्वीट किया है कि सुशासन वाली सरकार में दंगाइयों का खुब बोलबाला है। पहले एक मंत्री के दंगाई बेटे का कारनामा तो देखा ही, अब मोतिहारी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं का मनोबल देखिए। दिनदहाड़े सेंट्रल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर को भगा-भगा के पिट दिया। सुशासन अभी गहरी नींद में है। खबरदार जो किसी ने डिस्टर्ब किया।

Desk Team