पुडुचेरी: कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र, मुफ्त कोविड-19 टीकाकरण समेत किए कई वादे

Summary :

पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में सभी का मुफ्त टीकाकरण करने, गृहणियों के लिए प्रतिमाह 1000 रूपये की सहायता देने, शहीदों के परिजन की पेंशन में वृद्धि करने जैसे कई वादे किये हैं।

पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में सभी का मुफ्त टीकाकरण करने, ‘नीट’ एवं नयी शिक्षा नीति को रद्द करने, गृहणियों के लिए प्रतिमाह 1000 रूपये की सहायता देने, मिलों को फिर से खोलने, शहीदों के परिजन की पेंशन में वृद्धि करने जैसे कई वादे किये हैं। 
पूर्व केंद्रीय मत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने रविवार को यहां पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें कोविड-19 के मुफ्त टीकाकरण का वादा किया गया है, जिसका खर्च सरकार उठायेगी। घोषणापत्र के अनुसार प्रत्येक परिवार में एक गृहणी को 1000 रूपये प्रति माह की सहायता दी जाएगी तथा मेडिकल कॉलेज दाखिले से संबंधित ‘नीट’ परीक्षा की व्यवस्था और नयी शिक्षा नीति को रद्द करने के लिए कदम उठाये जाएंगे। 
पार्टी ने कराईकल में कृषि विश्वविद्यालय एवं केद्रशासित प्रदेश में एक विधि विश्वविद्यालय स्थापित करन का वादा किया है। घोषणापत्र में कहा गया है कि पिछड़ा वर्ग निगम एवं पुडुचेरी आदि द्रविड़ विकास निगम के माध्यम से ऋण लेने वालों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। 
घोषणापत्र के मुताबिक नगर निकाय चुनाव तत्काल कराये जायेंगे। पार्टी ने पुडुचेरी विश्वविद्यालय में हर पाठ्यक्रम में 25 सीटें केंद्रशासित प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित करने सहित कई अन्य वादे किये हैं। गौरतलब है कि केंद्रशासित प्रदेश में छह अप्रैल को विधानसभा चुनाव होना है। 

Desk Team